वाराणसी में मोदी का 2 दिन में दूसरा रोड शो, चुनावी रैली को भी एड्रेस करेंगे

वाराणसी.नरेंद्र दो दिन में दूसरा रोड शो करने के लिए वाराणसी पहुंचे। यहां वे व‍िधानसभा कैंडिडेट्स के लिए जनसभा भी करेंगे। इसके बाद मोदी करीब 8 बजे डीएलडब्लू में प्रबुद्ध मिलन प्रोग्राम में शिरकत करेंगे। यहां वे बिजनेसमैनों से मुलाकात करेंगे। हालांकि, मोदी के रोड शो को बीजेपी जनता दर्शन का नाम दे रही है।
- मोदी का रोड शो पांडेयपुर चौराहा से शुरू होगा, जो चौकाघाट, तेलियाबाग, मलदहिया, पटेल चौक होते हुए 5.30 बजे महात्मा विद्यापीठ पहुंचेगा। यहां वे विजय शंखनाद रैली को एड्रेस करेंगे।
- शाम 7:35 बजे विद्यापीठ से सभा खत्म कर मोदी डीएलडब्ल्यू के लिए सड़क मार्ग से ही प्रस्थान करेंगे। वे मलदहिया चौराहा, महमूरगंज होते हुए 8 बजे डीरेका ग्राउंड (DLW ग्रांउड) पहुंचेंगे, जहां वे प्रबुद्ध मिलन प्रोग्राम में शिरकत करेंगे। पीएम वाराणसी में ही नाइट स्टे करेंगे।
पीएम के प्रोग्राम को लेकर रूट डायवर्जन
- पीएम के प्रोग्राम को लेकर दोपहर 1 बजे से देर शाम तक शहर में रूट डायवर्जन रहेगा।
- बीजेपी की ओर से पीएम मोदी के प्रोग्राम के लिए शनिवार देर शाम परमिशन मांगी गई थी।
6 मार्च को भी मोदी रहेंगे वाराणसी में
- मोदी 6 मार्च की सुबह 9 बजे डीएलडब्ल्यू से निकलकर गड़वा घाट आश्रम जाएंगे। इसके बाद 11.20 पर गड़वा घाट से रामनगर के लिए प्रस्थान करेंगे। यहां से वे पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री के निवास स्थान जाएंगे। 12.25 पर रामनगर से हेलिकॉप्टर में सवार होकर पीएम 1 बजे रोहनिया थाना क्षेत्र के खुशीपुर पहुंचेंगे, जहां करीब एक घंटे 40 मिनट तक रैली करेंगे।
- इसके बाद 2:40 पर वे हेलिकॉप्टर से बाबतपुर पहुंचेंगे, जहां वायुसेना के विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
मोदी ने शनिवार को किया रोड शो: 2 मंदिरों में गए, मुस्लिमों से मिली शॉल माथे पर लगाई
- नरेंद्र मोदी ने तीन साल बाद शनिवार को बनारस में रोड शो किया। दो घंटे का यह रोड शो 12 किमी तक चला।
- सिक्युरिटी को लेकर खतरे की परवाह ना करते हुए मोदी पूरे वक्त ओपन कार में रहे। उन्होंने दो मंदिरों में दर्शन किए। एक इलाके में मुस्लिमों की तरफ से तोहफे में मिली शॉल को खुद मांगकर माथे पर रख लिया।
- बता दें कि मोदी सोमवार तक बनारस में ही रहेंगे। उनके साथ 11 केंद्रीय मंत्री भी बनारस और उसके पास के इलाकों में रहेंगे। यहां आखिरी फेज के तहत 8 मार्च काे वोटिंग है। सोमवार को प्रचार थमेगा।
बुजुर्ग विधायक को अपने साथ दर्शन के लिए ले गए मोदी
- मोदी जब विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे तो उनकी नजर बीजेपी नेताओं के बीच खड़े श्यामदेव राय चौधरी पर पड़ी। मोदी एसपीजी घेरा तोड़कर आगे आए और चौधरी का हाथ थाम उन्हें मंदिर के अंदर ले गए। दर्शन के दौरान चौधरी मोदी के साथ ही रहे। बता दें कि चौधरी को इस बार बीजेपी ने टिकट नहीं दिया था।
- चौधरी सात बार बनारस से विधायक रहे। लेकिन इस बार उनकी जगह बीजेपी ने नीलकंठ तिवारी को टिकट दिया है।
बनारस में कितनी विधानसभा सीटें?
- वाराणसी में 8 विधानसभा सीटें हैं। इनमें पिंडरा- कांग्रेस, अजगरा (सु)- बसपा, शिवपुर-बसपा, वाराणसी उत्तरी-बीजेपी, वाराणसी दक्षिणी- बीजेपी, वाराणसी कैंट- बीजेपी, सेवापुरी-सपा के पास है।
- वहीं, रोहनिया सीट 2012 में अपना दल के पास थी, लेकिन बाई इलेक्शन में ये सीट सपा के पास चली गई। इस तरह कांग्रेस और बसपा के पास 2-2, बीजेपी के पास 3 और सपा के पास 2 सीटें हैं।
बनारस पर फोकस क्यों?
- सीनियर जर्नलिस्ट श्रीधर अग्निहोत्री ने बताया कि बनारस पर फोकस की एक वजह तो ये है कि वाराणसी मोदी का संसदीय क्षेत्र है, जबकि बीजेपी का प्लान था कि पश्चिम के चुनाव पर दिल्ली से फोकस किया जाएगा।
- मध्य यूपी के चुनाव में बड़े नेताओं ने लखनऊ में डेरा डाल रखा था। इसी तरह, पूर्वांचल की 89 सीटों के लिए बड़े नेताओं ने वाराणसी में डेरा डाला हुआ है। वाराणसी से ही नेता पूर्वांचल के बाकी जिलों पर भी फोकस करेंगे।
- बनारस पर फोकस की एक वजह ये भी है कि वाराणसी में अभी 3 सीटें ही बीजेपी के पास हैं। ऐसे में, वाराणसी में सीटों की संख्या बढ़ाने पर बीजेपी नेताओं का ज्यादा जोर है। साथ ही, पूर्वांचल की 89 सीटें ही बीजेपी का यूपी में भविष्य तय करेंगी।

Comments

Popular posts from this blog

यूपी का सबसे बड़ा online ओपिनियन poll लीजिये भाग और दीजिये अपनी राय

आज मैनपुरी में होगा रोड शो

बनारस में एक ही दिन मोदी, राहुल-अखिलेश-डिंपल का रोड शो, ऐसे हुआ प्रचार